

सिलीगुड़ी : बागडोगरा के स्टालिन नगर स्थित सूचना अपार्टमेंट से चोरी हुई दो लोहे की ड्रेन ग्रिल को पुलिस ने बरामद कर लिया है। इस मामले में बागडोगरा थाना पुलिस ने 23 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान विश्वत उरांव के रूप में हुई है। वह बागडोगरा थाना क्षेत्र के कमलपुर टी एस्टेट के बीच लाइन का रहने वाला बताया गया है।पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को सूचना अपार्टमेंट से दो लोहे की प्लेट चोरी होने की शिकायत सामने आई थी। इस संबंध में 20 सितंबर को बागडोगरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस को चोरी की घटना में आरोपित युवक के शामिल होने की जानकारी मिली। इसके बाद जांच अधिकारी एएसआई हरि किशोर राय ने 20 सितंबर की रात कार्रवाई करते हुए विश्वत उरांव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी हुई दोनों लोहे की ड्रेन ग्रिल भी बरामद कर ली।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की घटना को आरोपित ने अकेले अंजाम दिया था या इसमें कोई और भी शामिल था। साथ ही बरामद सामान को लेकर भी आवश्यक जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।