

सिलीगुड़ी : शहर की व्यस्ततम सड़कों में शामिल एसएफ रोड पर अतिक्रमण के कारण राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ती जा रही है। सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित जगहों पर कई जगह दुकानें लग जाने से पैदल चलने वालों के लिए पर्याप्त स्थान नहीं बच रहा है। मजबूरी में राहगीरों को मुख्य सड़क का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका के साथ यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और राहगीरों की आवाजाही आसान बनाने के लिए प्रशासन तथा ट्रैफिक पुलिस की ओर से समय-समय पर अभियान चलाकर फुटपाथ और सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाया जाता है। अभियान के दौरान दुकानदारों को हटाने के साथ अवैध पार्किंग के खिलाफ भी कार्रवाई की जाती है।हालांकि, स्थानीय स्तर पर आरोप है कि अभियान खत्म होने के कुछ ही दिनों बाद कई इलाकों में फिर से पुरानी स्थिति लौट आती है। एसएफ रोड पर भी सड़क किनारे सार्वजनिक आवागमन और वाहन पार्किंग के लिए निर्धारित स्थानों पर दुकानें लगने से समस्या बनी हुई है।व्यस्त सड़क होने के कारण यहां दिनभर बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों की आवाजाही होती है। ऐसे में फुटपाथ और पार्किंग क्षेत्र खाली रहने से ही यातायात व्यवस्था को बेहतर रखने के साथ राहगीरों की आवाजाही भी सुरक्षित हो सकती है।