

सिलीगुड़ी
माटीगाड़ा थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मेट्रोपोलिटन पुलिस ने 27 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मोहम्मद अयूब उर्फ टिंकू (31) के रूप में हुई है। वह माटीगाड़ा के लेनिन कॉलोनी का निवासी है। पुलिस ने उसके कब्जे से बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया है।
मेट्रोपोलिटन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर की शाम पुलिस को गुप्त सूत्रों से लेक्सिकन मोड़ अंडरपास इलाके में मादक पदार्थ की गतिविधियों को लेकर विश्वसनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर माटीगाड़ा थाने की पुलिस टीम ने संबंधित इलाके में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मोहम्मद अयूब उर्फ टिंकू को हिरासत में लिया।
इसके बाद उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 27 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद आरोपित के खिलाफ माटीगाड़ा थाने में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आरोपित के पास मादक पदार्थ कहां से आया था और इसका इस्तेमाल या आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी। साथ ही इस मामले में अन्य संभावित लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।