हाथी के हमले में युवक की दर्दनाक मौत

घटना के बाद लोगों की भीड़
घटना के बाद लोगों की भीड़
Published on

अलीपुरदुआर: उत्तर बंगाल में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। एक बार फिर जंगली हाथी के हमले में एक युवक की जान चली गई। यह दर्दनाक घटना अलीपुरदुआर जिले के फालाकाटा ब्लॉक स्थित दलगांव चाय बागान के सान्थाल लाइन इलाके में सोमवार रात को घटी। मृतक युवक का नाम राहुल टुडू (21) बताया गया है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सोमवार देर रात चाय बागान क्षेत्र में जंगली हाथी घुस आया था। उस समय राहुल किसी काम से बाहर निकला और अचानक एक हाथी के सामने पड़ गया। हाथी ने उसे बुरी तरह रौंद दिया। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने गांव के पास स्थित एक बांस के झाड़ियों के बगल में राहुल का शव पड़ा देखा। घटना की खबर मिलते ही जटेश्वर आउट पोस्ट की पुलिस और मदारीहाट रेंज के वनकर्मी मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से फालाकाटा और आसपास के चाय बागान क्षेत्रों में हाथियों का आतंक बढ़ गया है। रात होते ही झुंड के झुंड हाथी गांवों में घुस आते हैं, जिससे फसलें और जान-माल दोनों का नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सरकारी नियमों के तहत मृतक के परिवार को हर संभव सहायता दी जाएगी। मदारीहाट रेंज की ओर से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। वहीं पुलिस सूत्रों के मुताविक मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजकर मामले की जांच की जा रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in