निमतीझोरा चाय बागान में वेतन और पीएफ को लेकर श्रमिकों का प्रदर्शन

प्रदर्शन में शामिल चाय श्रमिक
प्रदर्शन में शामिल चाय श्रमिक
Published on

अलीपुरद्वार: चाय बागान की हरी-भरी पत्तियों के पीछे मेहनतकश श्रमिकों की समस्याओं की तस्वीर मंगलवार को अलीपुरद्वार जिले के कालचीनी स्थित निमतीझोरा चाय बागान में देखने को मिली। समय पर वेतन नहीं मिलने, पीएफ की राशि जमा नहीं किए जाने और विभिन्न बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखने का आरोप लगाते हुए चाय श्रमिकों ने काम बंद कर फैक्टरी गेट के सामने प्रदर्शन किया। श्रमिकों के अनुसार, प्रत्येक महीने की 7 और 22 तारीख को वेतन भुगतान की व्यवस्था है, लेकिन लंबे समय से निर्धारित समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। इस महीने 7 तारीख का वेतन भी अब तक नहीं मिलने से श्रमिक परिवारों के सामने रोजमर्रा के खर्च को लेकर संकट पैदा हो गया है। उनका कहना है कि वेतन नहीं मिलने से राशन, बच्चों की पढ़ाई, इलाज और अन्य जरूरी खर्च प्रभावित हो रहे हैं। श्रमिकों ने आरोप लगाया कि समस्या केवल वेतन तक सीमित नहीं है।

प्रबंधन द्वारा पीएफ की राशि नियमित रूप से जमा नहीं की जा रही है। इसके अलावा समय पर जलावन की लकड़ी उपलब्ध नहीं कराने, श्रमिकों के आवासों की मरम्मत नहीं करने समेत कई बुनियादी सुविधाओं से भी उन्हें वंचित रखा जा रहा है। उनका कहना है कि लंबे समय से शिकायत के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ। मंगलवार सुबह फैक्टरी गेट के सामने बड़ी संख्या में श्रमिकों के जुटने से इलाके में हलचल रही। प्रदर्शनकारियों ने बकाया वेतन का तत्काल भुगतान, पीएफ की राशि जमा करने और सभी निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। श्रमिकों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इधर, बागान प्रबंधन की ओर से श्रमिकों को जल्द से जल्द वेतन भुगतान किए जाने का आश्वासन दिया गया है। अब यह देखना होगा कि प्रबंधन के आश्वासन के बाद श्रमिकों की मांगों का समाधान कब तक होता है। भाजपा श्रमिक संगठन बीडीडब्ल्यूयू के केंद्रीय कमेटी के महासचिव राजेश बरला ने कहा कि राज्य में सरकार बदलने के बाद चाय बागानों में श्रमिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में श्रम विभाग के अधिकारियों से बातचीत की जा रही है। जल्द वेतन भुगतान नहीं होने पर उन्होंने श्रमिकों के आंदोलन में शामिल होने की चेतावनी दी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in