

सिलीगुड़ी : मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस ने 27 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान महेनूर बेगम (28) के रूप में हुई है। वह दार्जिलिंग जिले के माटीगाड़ा थाना क्षेत्र स्थित विश्वास कॉलोनी रेल गेट के पास मस्जिद के निकट की रहने वाली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार 26 अक्टूबर की दोपहर गुप्त सूत्रों से मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने विश्वास कॉलोनी रेल गेट इलाके में छापेमारी की। इस दौरान महिला को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 27 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन और 600 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत सभी सामान जब्त कर लिए।
इस मामले में माटीगाड़ा थाने में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंसेज (एनडीपीएस) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, तलाशी, जब्ती और गिरफ्तारी की प्रक्रिया कानून के प्रावधानों के अनुरूप पूरी की गई।
फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस बरामद मादक पदार्थ से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।