पति की मौत के 2 माह बाद पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, बेटा हुआ अनाथ

पति की मौत के 2 माह बाद पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में
मौत, बेटा हुआ अनाथ
Published on: 

सिलीगुड़ी : फूलबाड़ी-II ग्राम पंचायत अंतर्गत पुटीमारी डांगापाड़ा में बुधवार की सुबह एक महिला की अस्वाभाविक परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। मृतका की पहचान अंजलि राय के रूप में हुई है। घर के कमरे से उनका शव बरामद होने के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अंजलि राय के पति की करीब दो महीने पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। पति के निधन के बाद से ही वह मानसिक अवसाद में रह रही थीं। बताया जाता है कि मंगलवार की रात कमरे में ही उनकी मौत हो गई थी। बुधवार की सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर परिजनों को संदेह हुआ। इसके बाद उनके बेटे और पड़ोसियों ने कमरे में जाकर देखा तो अंजलि को मृत अवस्था में पाया।

घटना की सूचना मिलने पर न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

बताया जाता है कि अंजलि राय के एक बेटा और एक बेटी थी। कुछ वर्ष पहले उनकी बेटी का भी निधन हो गया था। वहीं, करीब दो महीने पहले पति को खोने के बाद अब अंजलि की मौत से उनका बेटा माता-पिता दोनों के साये से वंचित हो गया है। इस घटना से परिवार और स्थानीय लोगों में शोक व्याप्त है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News