पश्चिम बंगाल चाय मजदूर संघ ने प्रखंड विकास अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

पश्चिम बंगाल चाय मजदूर संघ
पश्चिम बंगाल चाय मजदूर संघ
Published on

नागराकाटा: बाढ़ प्रभावित बानमंडांगा टंडू चाय बागान क्षेत्र की बिगड़ती स्थिति और मजदूर परिवारों की लगातार बढ़ रही समस्याओं को लेकर पश्चिम बंगाल चाय मजदूर संघ ने गुरुवार को नागराकाटा प्रखंड विकास अधिकारी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन की प्रतिलिपि नगराकाटा पुलिस स्टेशन और जलपाईगुड़ी जिला प्रशासन को भी प्रेषित की गई है। संघ के सभापति क्रिश्चियन खरिया ने बताया कि क्षेत्र की हालत बेहद खराब है और प्रशासनिक उदासीनता के कारण लोगों की मुश्किलें दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल बस बंद होने से बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे, चाय बागान का काम ठप है, रोजगार नहीं है और मजदूर परिवार घोर संकट में हैं। अगर प्रशासन तुरंत ठोस कदम नहीं उठाता, तो मजदूर संघ आंदोलन के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन में छात्रों की समस्या को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा गया कि दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा देने वाले 60 से अधिक विद्यार्थी रोजाना 10 किलोमीटर पैदल, घने जंगल और खराब रास्तों से गुजरकर स्कूल जाने को मजबूर हैं।

संघ ने परीक्षा अवधि के लिए मुफ्त परिवहन सेवा शुरू करने की मांग की है। इसके अलावा, मॉडल विलेज के सामने नदी पर बना तटबंध फिर से टूट गया है, जिससे बाढ़ का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि मिट्टी से बनाया गया कमजोर बांध बारिश और तेज बहाव में टिक नहीं पाता। मजदूर संघ ने पक्का तटबंध, मजबूत सड़क निर्माण और पुल विकसित करने की मांग की। राहत वितरण में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए संघ ने कहा कि वास्तविक पीड़ितों को सहायता नहीं मिल रही, जबकि कई गैर-पीड़ितों के नाम सूची में शामिल किए गए हैं। सभापति क्रिश्चियन खरिया ने कहा बच्चों की पढ़ाई बंद है, मजदूरों के पास रोजगार नहीं, कई परिवार खाने तक के मोहताज हैं। यह स्थिति असहनीय है। प्रशासन को तुरंत जमीन पर उतरकर हकीकत समझनी चाहिए। ज्ञापन पर दर्जनों चाय मजदूरों ने हस्ताक्षर किए और चेतावनी दी कि यदि समस्याओं के समाधान में देरी हुई, तो वे बड़े आंदोलन के लिए एकजुट होंगे।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in