एक भी भ्रष्टाचारी को छोड़ेंगे नहीं : शुभेंदु अधिकारी

जीटीए में हुए सारे घोटालों की होगी जांच, एफआईआर भी करेंगे, गिरफ्तार भी करेंगे और लूट के पैसे पाई-पाई कर वापस भी वसूलेंगे : मुख्यमंत्री 17 सितंबर को मनाया जाएगा अन्नपूर्णा दिवस, उसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी, वह भी शामिल होंगे, जार करेंगे अन्नपूर्णा योजना की अगली किस्त
एक भी भ्रष्टाचारी को छोड़ेंगे नहीं : शुभेंदु अधिकारी
Published on

सिलीगुड़ी : पश्चिम बंगाल राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि, 'एक भी भ्रष्ट्राचारी को छोड़ा नहीं जाएगा। गोरखालैंड टेरिटोरिअल एडमिनिस्ट्रेशन (जीटीए) में हुए सारे के सारे घोटालों की जांच की जाएगी। शिक्षक नियुक्ति घोटाला हो, वित्तीय अनियमितता हो, पेयजल की अम्रुत परियोजना में धांधली का मामला हो, या ट्राइबल डेवलपमेंट के नाम पर जो लेप्चा, तामंग, आदि 11 डेवलपमेंट बोर्ड बनाए गए थे उन सबको जारी हुए फंड और उनके कार्यों में अनियमितता आदि की भी गहन जांच होगी। एफआईआर भी करेंगे, गिरफ्तार भी करेंगे और लूट के पैसे पाई-पाई कर वापस वसूलेंगे भी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा'

वह मंगलवार को सिलीगुड़ी के निकट फूलबाड़ी के कामरांगागुड़ी स्थित राज्य सरकार के मिनी सचिवालय उत्तरकन्या से वर्चुअल रूप में कालिम्पोंग की आम जनता को संबोधित कर रहे थे जो कि कालिम्पोंग टाउन हॉल में उपस्थित थी। वहां इस दिन मुख्यमंत्री को सरकारी जनकल्याण योजनाओं के लाभ लाभार्थियों के बीच अपने हाथों से वितरित करने थे। कई हस्तियों को सम्मानित करना था। इसके साथ ही विभिन्न समूहों व संगठनों के प्रतिनिधियों संग संवादात्मक सत्र करना था। वहीं, प्रस्तावित कालिम्पोंग मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के निर्माण के लिए चिन्हित जमीन का जायजा भी लेना था।

इन्हीं सब कार्यों के लिए मुख्यमंत्री इस दिन आए थे। राजधानी कोलकाता से फ्लाइट से वह सिलीगुड़ी के बागडोगरा एयरपोर्ट उतरे। वहां से चॉपर के जरिये उन्हें कालिम्पोंग जाना था। उनके चॉपर ने उड़ान भी भरी लेकिन कालिम्पोंग के पहाड़ी इलाकों में प्रतिकूल मौसम के चलते उनका चॉपर लैंड नहीं हो पाया। उन्हें वापस लौटना पड़ा। उनका चॉपर वापस उत्तरकन्या के पास लैंड हुआ। फिर, उत्तरकन्या से ही उन्होंने कालिम्पोंग के इस दिन के प्रस्तावित कार्यक्रमों को वर्चुअल रूप में निष्पादित किया। हालांकि, प्रस्तावित कालिम्पोंग मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को लेकर उन्होंने कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की। कहा कि, वह सरजमीन पर जा कर ही इसकी घोषणा करेंगे। उसके लिए वह अब फिर आगामी 6 अक्टूबर को कालिम्पोंग आएंगे। उससे पूर्व 22 सितंबर को कूचबिहार व डूआर्स आने की भी उनकी योजना है।

पहाड़ में आपदा प्रबंधन के लिए 254 करोड़

नेपाल में हालिया आपदा और पहाड़ों में लगातार भूस्खलन व मौसम संबंधी घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस दिन दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र जिसमें कि दार्जिलिंग, कर्सियांग, मिरिक व कालिम्पोंग शामिल हैं, के लिए आपदा प्रबंधन के 254 करोड़ के लंबित कोष को तत्काल जारी किए जाने की घोषणा भी की। कहा कि, तीस्ता फ्लड डिजास्टर मैनेजमेंट, राज्यमंत्री, एमपी, पुलिस, सिविल डिफेंस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, एसएसबी सब मिल कर पहाड़ की जनता को सुरक्षित रखेंगे। अतिरिक्त रूप में, अवकाश प्राप्त सैन्य कर्मियों की अर्जुन वाहिनी की भी तैनाती कर दी गई है। नेपाल के दुखद हादसे के मद्देनजर पहाड़ को ठीकठाक रखने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार हर आवश्यक कार्य कर रही है।

पहाड़ की राष्ट्रवादी जनता को रखेंगे खुश

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि, पहाड़ की राष्ट्रवादी जनता को खुश रखना हमारा काम है। पहाड़ की जनता 2009 से ही मोदी जी के साथ है। अब हमारी बारी है। पहाड़ का विकास हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए राज्य सरकार ने जीटीए के बजट को दोगुना कर दिया है। पहाड़ के स्थायी राजनैतिक समाधान के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिनों तक सिलीगुड़ी में रह कर पहाड़ के सभी साझीदारों संग बैठक की। वह स्थायी समाधान जब तक होता है तब तक यहां विकास कार्य रुकना नहीं चाहिए। इसीलिए जीटीए के निर्वाचित सदस्यों के इस्तीफे के बाद स्मृतिरंजन मोहंती को जीटीए का प्रशासक नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में विकास कार्य जारी रहेंगे। वह बाकी बचे निर्वाचित जनप्रतिनिधियों संग सलाह कर काम करेंगे।

एक भी दीदी-बहिनी अन्नपूर्णा से नहीं रहेंगी वंचित

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि, गत अगस्त माह में कालिम्पोंग जिला में 15,000 दीदी-बहिनी को अन्नपूर्णा योजना की मासकि 3,000 रुपये की किस्त के भुगतान का लाभ दिया गया। आगे अन्य सभी को दिया जाएगा। एक भी दीदी-बहिनी इस योजना से वंचित नहीं रहेंगी। आगामी 17 सितंबर को अन्नपूर्णा दिवस मनाया जाएगा। उसी दिन देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का जन्मदिन भी है। उसी दिन अन्नपूर्णा योजना की सितंबर महीने की किस्त जारी होगी। प्रधानमंत्री अन्नपूर्णा दिवस में सम्मिलित होने कोलकाता आएंगे। वह स्वयं अपने हाथों से किस्त जार करेंगे।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in