अलीपुरदुआर: ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अलीपुरदुआर जिले के अलीपुरदुआर-2 ब्लॉक अंतर्गत माझेर डाबरी चाय बागान में ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार आजीविका मिशन’ की औपचारिक शुरुआत की गई। इस विशेष कार्यक्रम में जिले के कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें अलीपुरदुआर की जिलाधिकारी मयूरी बसु, सांसद मनोज टिग्गा और अलीपुरदुआर-2 के बीडीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल थे।
सांसद मनोज टिग्गा ने कुदाल चलाकर 125 दिनों के रोजगार कार्यों की शुरुआत की
कार्यक्रम के दौरान सांसद मनोज टिग्गा ने स्वयं कुदाल चलाकर 125 दिनों के रोजगार कार्यों की शुरुआत की और ग्रामीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। जिलाधिकारी मयूरी बसु ने ग्रामीणों को योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि इस मिशन के तहत 125 दिनों के रोजगार के माध्यम से लोगों को नियमित आय का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस योजना के तहत चार प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे ग्रामीण विकास को समग्र रूप से आगे बढ़ाया जा सके और स्थायी आजीविका के साधन विकसित हों। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। उन्होंने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि योजना का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। प्रशासन ने भी आश्वासन दिया कि योजना का प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण परिवार इसका लाभ उठा सकें।