विकास छेत्री ने तृणमूल से इस्तीफे की घोषणा की

तृणमूल का झंडा गेट से निकालते विकास छेत्री
तृणमूल का झंडा गेट से निकालते विकास छेत्री
Published on

नागराकाटा: राज्य की बदली राजनीतिक परिस्थितियों के बीच नागराकाटा ब्लॉक की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। नागराकाटा पंचायत समिति के वनभूमि कर्माध्यक्ष एवं पंचायत समिति सदस्य विकास छेत्री ने शुक्रवार को पत्रकार सम्मेलन कर तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफे की घोषणा की।

विकास छेत्री ने कहा कि उन्होंने तत्काल प्रभाव से तृणमूल कांग्रेस के साथ अपने सभी संबंध समाप्त कर दिए हैं। हालांकि, फिलहाल किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल होने की उनकी कोई योजना नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अब एक निर्दलीय पंचायत समिति सदस्य के रूप में जनता की सेवा करते रहेंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता परिवर्तन के बाद पार्टी के जिला और ब्लॉक स्तर के नेताओं ने न केवल उनकी, बल्कि उनकी पूरी टीम की भी उपेक्षा की। वर्षों तक निष्ठा और ईमानदारी से पार्टी के लिए कार्य करने के बावजूद नेतृत्व की ओर से लगातार अनदेखी किए जाने के कारण उन्हें यह निर्णय लेना पड़ा।

विकास छेत्री ने बताया कि पत्रकार सम्मेलन के बाद वे अपने घर के सामने लगा तृणमूल कांग्रेस का पार्टी ध्वज हटाकर पार्टी कार्यकर्ताओं को सौंप देंगे। उन्होंने कहा कि यह कदम पार्टी से उनका संबंध पूरी तरह समाप्त होने का प्रतीक होगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले नागराकाटा ब्लॉक के सुलकापाड़ा और लुकसान ग्राम पंचायत के कुछ जनप्रतिनिधि भी तृणमूल कांग्रेस छोड़ चुके हैं। विकास छेत्री नागराकाटा पंचायत समिति के पहले सदस्य हैं, जिन्होंने पार्टी से इस्तीफा दिया है। उनके इस फैसले से क्षेत्र की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in