

गंगटोक : सिक्किम में युवाओं को नेतृत्व और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ने के उद्देश्य से दूसरी राज्य स्तरीय छात्र विधानसभा का आयोजन बुधवार को चिंतन भवन में किया गया। शिक्षा विभाग के छात्र कल्याण बोर्ड और एसकेएम छात्र संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय ‘सिक्किम@2047: युवा को आवाज’ था।
कार्यक्रम में सिक्किम विधानसभा के अध्यक्ष एम. एन. शर्मा मुख्य अतिथि, उपाध्यक्ष राजकुमारी थापा विशिष्ट अतिथि तथा गंगटोक के विधायक दिले नामग्याल बरफुंगपा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। राज्य के सभी जिलों के विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों ने मॉक विधानसभा में भाग लिया। इसके लिए प्रतिभागियों को पहले सिक्किम विधानसभा में प्रशिक्षण दिया गया था।
मॉक विधानसभा सत्र में ‘सरकारी संकल्प संख्या 1, 2026’ के तहत सिक्किम विजन 2047 के विकास ढांचे को अपनाने पर चर्चा की गई। इसमें शिक्षा एवं अनुसंधान, आर्थिक विकास, सतत कृषि, बुनियादी ढांचा, पर्यटन, पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, युवा विकास और सुशासन सहित दस प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर विचार-विमर्श किया गया। विस्तृत चर्चा के बाद प्रस्ताव को सदन में पारित किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष एम. एन. शर्मा ने युवाओं को राजनीति, नेतृत्व और उद्यमिता में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को जनता से जुड़े रहने और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप कार्य करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
सोरेङ-चाकुंग के विधायक एवं एसकेएम छात्र संगठन के प्रभारी उपाध्यक्ष आदित्य गोले ने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग की युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की सोच की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं को नेतृत्व के लिए तैयार करना सिक्किम के भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
छात्र कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सोनम चोपेल शर्मा ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि छात्र विधानसभा युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझने, आलोचनात्मक सोच विकसित करने और शासन व्यवस्था में भागीदारी के लिए आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर प्रदान करती है।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों और आयोजकों को स्मृति चिह्न एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रेस सचिव योगेन तामांग, ओएसडी रेवाज छेत्री, विधानसभा सचिव ललित गुरुंग, वरिष्ठ अधिकारी, युवा नेता, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित थे।