टानाटानी पुल पर 20 दिन बाद फिर शुरू हुआ वाहन परिचालन

Tanatani bridge
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता, नागराकाटा: गाठिया नदी की भीषण बाढ़ में क्षतिग्रस्त टानाटानी पुल पर 20 दिन बाद आखिरकार वाहन परिचालन शुरू हो गया है। पिछले 5 अक्टूबर की सुबह इस पुल की अप्रोच रोड का एक हिस्सा गार्ड वॉल समेत तेज बहाव में बह गया था। इसके कारण बामनडांगा-टंडू चाय बागान और खेरेकाटा गांव के लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जब 13 अक्टूबर को बामनडांगा मॉडल विलेज का दौरा करने आई, तब प्रशासन की ओर से अस्थायी रूप से लोहे की सीढ़ी लगाकर केवल पैदल आवाजाही की व्यवस्था की गई थी। मुख्यमंत्री स्वयं भी उसी सीढ़ी से उतरकर इलाके का निरीक्षण किया था। लेकिन वाहनों की आवाजाही बंद रहने से लोगों की समस्या पूरी तरह से समाप्त नहीं हो पा रही थी। अब प्रशासन की अनुमति से दोपहिया वाहन, टोटो रिक्शा और छोटी गाड़ियां पुल से गुजर सकती हैं। हालांकि, बड़े वाहनों के चलने की अनुमति अभी तक नहीं मिली है। इस पुल के पास नदी के कटाव से क्षतिग्रस्त तटबंध की मरम्मत का काम भी वर्तमान में जारी है। नागराकाटा पंचायत समिति के सभापति संजय कूजुर ने कहा, छोटी गाड़ियां और बाइक चलना शुरू होना एक बड़ी राहत है। लेकिन अब बड़े वाहनों की आवाजाही भी अत्यंत आवश्यक है। उम्मीद है जल्द ही वह भी संभव हो पाएगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News