माल नगरपालिका के चेयरमैन उत्पल भादुड़ी ने दिया इस्तीफा

इस्तीफा देते माल नगरपालिका के चेयरमैन उत्पल भादुड़ी
इस्तीफा देते माल नगरपालिका के चेयरमैन उत्पल भादुड़ी
Published on

नागराकाटा : पंचायतों के प्रधान और उपप्रधानों के इस्तीफे के बाद अब माल नगरपालिका के चेयरमैन उत्पल भादुड़ी ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के बाद नगरपालिका में अगला चेयरमैन कौन होगा या प्रशासनिक व्यवस्था लागू की जाएगी, इसे लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे चेयरमैन उत्पल भादुड़ी इस्तीफा पत्र लेकर माल के महकमा शासक उत्कर्ष खंडाल से मिले। इसके बाद नियमानुसार उन्होंने अपना इस्तीफा नगरपालिका के कार्यपालक अधिकारी को सौंप दिया और पद छोड़ने की घोषणा की। इस्तीफा देने के बाद वह नगरपालिका से बाहर निकल गए। भविष्य की राजनीतिक रूपरेखा के संबंध में पूछे जाने पर उत्पल भादुड़ी ने कहा कि फिलहाल उन्होंने आगे की रणनीति तय नहीं की है। तृणमूल कांग्रेस में बने रहने या किसी अन्य दल में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि आने वाला समय ही बताएगा कि उनका अगला कदम क्या होगा। उत्पल भादुड़ी के इस्तीफे की खबर से नगरपालिका के कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच भावुक माहौल देखा गया। उल्लेखनीय है कि सितंबर 2024 में तत्कालीन चेयरमैन सपन साहा को तृणमूल कांग्रेस ने निलंबित कर दिया था। इसके बाद काफी राजनीतिक उठापटक के बीच जनवरी 2025 में उत्पल भादुड़ी ने चेयरमैन के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। उनके कार्यकाल के दौरान पूर्व चेयरमैन के समय के विभिन्न मामलों को लेकर उन्हें अदालत में भी पेश होना पड़ा था। अब उत्पल भादुड़ी के इस्तीफे के बाद नगरपालिका की जिम्मेदारी किसे मिलेगी, इसे लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। क्या उपाध्यक्ष मिलन छेत्री चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालेंगे या नगरपालिका में प्रशासक नियुक्त किया जाएगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। माल नगरपालिका के विपक्षी दल के नेता एवं भाजपा नेता सुशांत साहा ने कहा कि पूजा सामने है और अस्थायी कर्मचारियों का करीब तीन महीने का वेतन बकाया है। इसके अलावा पूजा बोनस का भी विषय सामने है। ऐसी स्थिति में नगरपालिका का कामकाज किस तरह आगे बढ़ेगा, यह प्रशासन ही बता सकता है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वह अपनी पार्टी के साथ चर्चा करने के बाद आगे की भूमिका स्पष्ट करेंगे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in