‘उन्नत सिलीगुड़ी संकल्प’ अभियान के जरिए वार्डों में जनसंपर्क, लोगों से सुनी जा रही शहर की समस्याएं

Unnat siliguri sankalp
Unnat siliguri sankalp
Published on

सिलीगुड़ी : तृणमूल कांग्रेस में जारी अंदरूनी खींचतान के बीच कांग्रेस ने सिलीगुड़ी में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। आगामी नगर निगम चुनाव को देखते हुए पार्टी ने अभी से जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। ‘उन्नत सिलीगुड़ी संकल्प’ अभियान के तहत युवा कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता अलग-अलग वार्डों में जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और शहर के विकास को लेकर पार्टी की सोच से भी लोगों को अवगत करा रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, अब तक शहर के वार्ड नंबर 1, 4, 5, 7 और 27 में लोगों से संपर्क किया जा चुका है। इस दौरान पेयजल, जर्जर सड़क, कचरा उठाव और जल निकासी जैसी समस्याएं प्रमुखता से सामने आईं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि स्थानीय लोग लंबे समय से इन समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। इस अभियान के दौरान सामने आ रही समस्याओं की रिपोर्ट प्रतिदिन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के साथ ही राष्ट्रीय नेतृत्व को भी भेजी जा रही है। लंबे समय बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इस तरह लगातार मैदान में सक्रिय देखकर स्थानीय लोगों में भी चर्चा शुरू हो गई है। दार्जिलिंग (समतल) जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष रोहित तिवारी ने कहा कि नगर निगम चुनाव को ध्यान में रखते हुए ही यह जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल के शासनकाल में शहर की जो समस्याएं थीं, उनमें भाजपा सरकार के कार्यकाल में भी कोई खास बदलाव नहीं आया है। उन्होंने कहा कि पूजा में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, लेकिन शहर की कई सड़कों और निकासी व्यवस्था की स्थिति खराब है। अभियान के दौरान लोगों ने अपनी समस्याओं और नाराजगी से कांग्रेस नेताओं को अवगत कराया है। इन समस्याओं को नगर निगम के प्रशासक बोर्ड के सामने रखकर समाधान की मांग की जाएगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in