सेवा संकल्प अभियान के तहत कालियागंज में सड़क जागरूकता, बिना हेलमेट चालकों को मुफ्त हेलमेट

ट्रैफिक पुलिस, ब्लॉक और नगरपालिका प्रशासन की संयुक्त पहल; परिवार की सुरक्षा का दिया संदेश
सेवा संकल्प अभियान के तहत कालियागंज में सड़क जागरूकता, बिना हेलमेट चालकों को मुफ्त हेलमेट
Published on: 

कालियागंज : ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कालियागंज शहर के विवेकानंद मोड़ पर रविवार को सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कालियागंज ट्रैफिक पुलिस, ब्लॉक प्रशासन और नगरपालिका प्रशासन के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस अभियान में बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाने वाले चालकों को मुफ्त हेलमेट वितरित किए गए।

जागरूकता शिविर में मौजूद कालियागंज थाना के आईसी अभिजीत दत्त ने बाइक चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति सचेत किया। उन्होंने कहा कि बाइक लेकर घर से निकलते समय अगर हर व्यक्ति अपने परिवार और बच्चों के बारे में एक बार सोचे, तो बिना हेलमेट वाहन चलाने का मन नहीं करेगा। उन्होंने बाइक चालकों से अपील की कि आगे से हर बार हेलमेट पहनकर ही घर से निकलें और यातायात नियमों का पालन करें।

अभियान के दौरान हेलमेट के महत्व और सड़क पर सुरक्षित वाहन चलाने को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं।

कार्यक्रम में संयुक्त प्रखंड विकास अधिकारी ज्योतिर्मय सरकार, कालियागंज थाना टाउन के एसआई सुशांत वैष्णव, कालियागंज थाना के ट्रैफिक ओसी सुबीर मंडल, पार्षद वर्णाली दास, पियाली दास साहा, समाजसेवी संतोष बेंगानी, अपूर्व राय और पीयूष सूत्रधार समेत कई लोग उपस्थित थे।

आयोजकों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत यह पहल की गई। अभियान के माध्यम से वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाने और हेलमेट के नियमित इस्तेमाल को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in