

मिरिक : बच्चों में फुटबॉल प्रतिभा की पहचान करने, उनकी खेल क्षमता को निखारने तथा भविष्य में बड़े प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से सुकेपोखरी लोअर गैरी टोल के युवाओं की पहल पर अंडर-12 मिनी फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में कुल 18 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सेंट सेवियर्स स्कूल के खेल मैदान में आयोजित किया गया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में सुकेपोखरी हायर सेकेंडरी स्कूल की बाल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि सीडर्स टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के आयोजन से बच्चों में खेल के प्रति रुचि बढ़ने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ने का मंच भी मिलता है।