अवैध देसी शराब के साथ दो गिरफ्तार, 40 बोतलें जब्त

अवैध देसी शराब के साथ दो गिरफ्तार, 40 बोतलें जब्त
Published on: 

सिलीगुड़ी : अवैध रूप से देसी शराब रखने और कारोबार करने के खिलाफ सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 40 बोतल देसी शराब जब्त की है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राकेश पाल (50) और सुरेंद्र साहनी (36) के रूप में हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई प्रधान नगर थाना की टीम ने आरएमसी स्थित फिश मार्केट के एक होटल में की। यह होटल कूचबिहार के गुंजाबाड़ी निवासी राकेश पाल का बताया गया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से 60 यूपी इंडिया मेड लिकर की 28 बोतलें बरामद कीं। इन बोतलों में कुल 16.8 लीटर शराब थी। इसके बाद पुलिस ने राकेश पाल को गिरफ्तार कर लिया।

वहीं, दूसरी कार्रवाई भक्तिनगर थाना पुलिस ने की। इस दौरान वार्ड नंबर 43 के प्रकाश नगर निवासी सुरेंद्र साहनी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से गैलेक्सी बॉस 60 यूपी कंट्री स्पिरिट की 12 सीलबंद बोतलें जब्त कीं।

दोनों कार्रवाइयों में कुल 40 बोतल शराब जब्त की गई है। पुलिस ने प्रधान नगर और भक्तिनगर थाने में आबकारी कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त शराब कहां से लाई गई थी और इसके पीछे किसी बड़े अवैध कारोबार का नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News