तुमलाबोंग में आग से मकान जलकर राख

घरेलू सामान समेत संपत्ति को भारी नुकसान, आग बुझाने के दौरान मकान मालिक मदन छेत्री घायल
तुमलाबोंग में आग से मकान जलकर राख
Published on: 

गंगटोक: सिक्किम के तुमलाबोंग में रविवार को मदन छेत्री के आवास में भीषण आग लगने से मकान और घर में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। अग्निकांड में संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं, आग बुझाने के प्रयास के दौरान मकान मालिक मदन छेत्री घायल हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग ने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में रखी घरेलू उपयोग की वस्तुओं समेत अन्य सामान नष्ट हो गए। हालांकि, इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। आग बुझाने के दौरान मदन छेत्री को चोटें आईं।

घटना की जानकारी मिलने के बाद रविवार सुबह मार्ताम-रुमतेक विधानसभा क्षेत्र के विधायक के ओएसडी जीवन सुब्बा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवी माया प्रधान, युवा मोर्चा के सदस्यों और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने घटनास्थल का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल ने आग से प्रभावित परिवार की स्थिति का जायजा लिया और उनके प्रति संवेदना व्यक्त की।

इस दौरान प्रतिनिधियों ने प्रभावित परिवार को आवश्यक सहयोग और सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अग्निकांड में हुई कुल आर्थिक क्षति का आकलन भी किया जाना बाकी है। घटना को लेकर विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News