अलीपुरदुआर: अलीपुरदुआर जिले के डिमडिमा इलाके में एशियन हाईवे पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुआ । तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुए इस हादसे में एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग बाल-बाल बच गए।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, एक मालवाहक ट्रक अलीपुरदुआर से सिलीगुड़ी की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक ने स्थिति को देखते हुए समय रहते अपनी गाड़ी रोक दी। लेकिन इसके कुछ ही देर बाद पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा एक और ट्रक ब्रेक नहीं लगा सका और पहले से खड़े वाहनों से जा टकराया। इसके बाद एक अन्य वाहन भी आकर भिड़ गया, जिससे कुल तीन वाहनों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल चालक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलने पर बीरपाड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। काफी प्रयास के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।