तोतापाड़ा चाय बागान 29 जुलाई से खुलेगा, बकाया भुगतान पर बनी सहमति

बैठक में चर्चा करते बागान प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधि
बैठक में चर्चा करते बागान प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधि
Published on

नागराकाटा: करीब एक महीने से बंद पड़े तोतापाड़ा चाय बागान में 29 जुलाई से दोबारा कामकाज शुरू होगा। शुक्रवार को बागान प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच हुई द्विपक्षीय बैठक में इस पर सहमति बनी, जिसके बाद श्रमिकों में राहत का माहौल है। बैठक में तय हुआ कि 29 जुलाई को श्रमिकों को बकाया मजदूरी में से एक पखवाड़े का भुगतान किया जाएगा। वहीं, स्टाफ और सब-स्टाफ कर्मचारियों को एक माह का बकाया वेतन दिया जाएगा। शेष बकाया भुगतान की तारीख बाद में तय की जाएगी। बैठक की जानकारी जलपाईगुड़ी के उप श्रम आयुक्त को भी दी गई है। इंडियन प्लांटर्स एसोसिएशन के सलाहकार अमितांशु चक्रवर्ती ने कहा कि समझौते के अनुसार बागान को सुचारु रूप से चलाने के लिए दोनों पक्ष सहयोग करेंगे। वहीं, भारतीय टी वर्कर्स यूनियन के केंद्रीय उपाध्यक्ष अमरनाथ झा ने कहा कि मजदूरों की मजदूरी उनका अधिकार है और उम्मीद है कि आगे भुगतान में देरी नहीं होगी। बैठक में विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि और बागान प्रबंधन के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा अगस्त के दूसरे सप्ताह तक बागान में एंबुलेंस, स्कूल बस सेवा और अस्पताल में जरूरी दवाओं की व्यवस्था करने पर भी सहमति बनी है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in