सात माह से बंद तोतापाड़ा चाय बागान आज से खुलेगा

गेट मीटिंग में शामिल श्रमिक
गेट मीटिंग में शामिल श्रमिक
Published on

नागराकाटा: जलपाईगुड़ी जिले के बानरहाट प्रखंड अंतर्गत लंबे समय से बंद पड़े तोतापाड़ा चाय बागान का संचालन बुधवार से दोबारा शुरू होने जा रहा है। 17 जुलाई को जलपाईगुड़ी स्थित उप श्रम आयुक्त कार्यालय में बागान प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच हुए द्विपक्षीय समझौते के बाद बागान खोलने की प्रक्रिया शुरू की गई | बागान खुलने की जानकारी श्रमिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को चाय बागान परिसर में विभिन्न श्रमिक संगठनों की ओर से संयुक्त रूप से गेट मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय श्रमिक संगठन बीटीडब्ल्यूयू के नेता गोपाल उरांव, तृणमूल चाय बागान श्रमिक संगठन के नेता धनबहादुर छेत्री सहित कई श्रमिक प्रतिनिधि मौजूद हुए ।

सात माह के बकाया वेतन का भुगतान अगले वर्ष मार्च तक हर माह एक-एक माह के हिसाब से किया जाएगा

समझौते के अनुसार, बागान संचालन के पहले चरण में स्टाफ और सब-स्टाफ कर्मचारियों को एक माह का वेतन तथा दैनिक मजदूरी पर कार्यरत श्रमिकों को एक माह की मजदूरी बुधवार को ही दी जाएगी। इसके अलावा, सात माह के बकाया वेतन का भुगतान अगले वर्ष मार्च तक हर माह एक-एक माह के हिसाब से किया जाएगा। समझौते में यह भी तय किया गया है कि बागान के नियमित संचालन के दौरान श्रमिकों को प्रत्येक माह की 7 और 22 तारीख को समय पर वेतन का भुगतान किया जाएगा। गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए बीटीडब्ल्यूयू के केंद्रीय नेता गोपाल उरांव ने कहा कि 17 जुलाई को हुआ समझौता अब लागू होने की दिशा में आगे बढ़ चुका है। उन्होंने श्रमिकों और प्रबंधन दोनों से समझौते के सभी बिंदुओं का ईमानदारी से पालन करने की अपील की, ताकि बागान सुचारू रूप से चलता रहे और श्रमिकों के हित सुरक्षित रहें। वहीं श्रमिक रमेश बराईक ने बागान के दोबारा खुलने पर खुशी जताते हुए कहा कि लंबे समय तक बागान बंद रहने से श्रमिक परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। अब उन्हें उम्मीद है कि नियमित रोजगार के साथ बकाया वेतन का भुगतान भी समय पर होगा। तोतापाड़ा चाय बागान के पुनः संचालन से सैकड़ों श्रमिक परिवारों में नई उम्मीद जगी है। रोजगार की वापसी और बकाया राशि के भुगतान की सहमति से श्रमिकों को आर्थिक संकट से राहत मिलने की उम्मीद है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in