तिहार पर्व पर मिरिक में पर्यटकों की उमड़ी भीड़

पारंपरिक भैलेनी गीतों ने मोहा सैलानियों का मन, रोशनी से जगमगाया पहाड़
तिहार पर्व पर मिरिक में पर्यटकों की उमड़ी भीड़
Published on: 

मिरिक : प्रख्यात पर्यटन नगरी मिरिक में तिहार पर्व के दौरान पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। पिछले एक सप्ताह से यहां विभिन्न राज्यों से पर्यटकों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। पहाड़ की खूबसूरत वादियों का आनंद लेने पहुंचे सैलानियों को इस बार गोरखा समुदाय के पारंपरिक तिहार पर्व को करीब से देखने और उसकी सांस्कृतिक छटा से रूबरू होने का अवसर भी मिल रहा है। तिहार के दौरान विशेष रूप से गोरखा समुदाय की युवतियों और महिलाओं द्वारा गाए जाने वाले पारंपरिक भैलेनी गीतों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया है। पारंपरिक वेशभूषा में सजी बालिकाओं और महिलाओं की टोली घर-घर जाकर भैलेनी गीत प्रस्तुत कर रही है। उनकी मधुर आवाज और पारंपरिक अंदाज पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहे हैं। वहीं, तिहार के अवसर पर घरों को सयपत्री (गेंदा) के फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। शहर के घरों, सड़कों, चौराहों और बाजारों का नजारा देखते ही बन रहा है। पूरा दार्जिलिंग पहाड़ इन दिनों रोशनी की जगमगाहट से सराबोर है। पर्व की रौनक और स्थानीय परंपराओं ने पर्यटन नगरी की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए हैं। उल्लेखनीय है कि तिहार पर्व के दौरान भैलेनी के बाद अगले दिन युवकों द्वारा पारंपरिक देउसी खेलने की परंपरा निभाई जाएगी, जिसका स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटक भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News