

सिलीगुड़ी : कई जगहों की भांति गुरुवार को यहां भी कुछ सरकारी भवनों को उड़ा देने की धमकी का ई-मेल व फोन-कॉल आया। उसके मद्देनजर प्रशासन व पुलिस की ओर से हाई-अलर्ट बरता जा रहा है। कोलकाता स्थित रीजनल पासपोर्ट ऑफिस में एक संगठन के नाम से विस्फोट की धमकी मिलने के बाद पूरे देश के पासपोर्ट कार्यालयों को सतर्क कर दिया गया। उसी क्रम में सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन क्षेत्र के परिवहन नगर स्थित सिलीगुड़ी क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में भी विशेष सतर्कता बरतते हुए कामकाज तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। पुलिस बल, सीआइडी व बम निरोधक दस्ता ने कर्मचारियों व आगंतुक लोगों को कार्यालय परिसर से बाहर निकाल कर स्पेशल सर्च अभियान चलाया। हालांकि, कहीं कुछ चिंताजनक नहीं मिला। मगर, इस वजह से 4-5 घंटे तक कामकाज पूरी तरह ठप रहा। पासपोर्ट कार्यालय में अपना सत्यापन कराने दूर-दराज से आए लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसी दिन जलपाईगुड़ी हेड पोस्ट ऑफिस की बिल्डिंग में भी बम की धमकी वाले ई-मेल से दहशत पैदा हो गई। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने स्पेशल सर्च किया।