

सिलीगुड़ी : हावड़ा-कामाख्या-हावड़ा वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस ट्रेन को यात्रियों का ज़बरदस्त रेस्पॉन्स मिल रहा है। इस ट्रेन का वाणिज्यिक संचालन बीती 22 जनवरी से कामाख्या से एवं 23 जनवरी से हावड़ा से शुरू हुआ। नॉर्थ-ईस्ट फ्रंटियर (एनएफ) रेलवे की ओर से बताया गया है कि हावड़ा से कामाख्या तक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में गत सभी दिनों में बुकिंग की 100% से ज़्यादा ऑक्यूपेंसी दिखी जो इस ट्रेन में कम यात्रा समय में आरामदायक यात्रा के प्रति यात्रियों की पसंद को दर्शाती है। गत छह दिनों यानी 23 से 29 जनवरी तक औसत ऑक्यूपेंसी लगभग 128% है। वहीं, अगले कुछ दिनों यानी 3 फरवरी तक औसत ऑक्यूपेंसी पहले सेही 100% से ज़्यादा हो गई है व इसके और बढ़ने की उम्मीद है।
गत 30 जनवरी को हावड़ा से रवाना होने वाली 27575 हावड़ा-कामाख्या वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस ट्रेन की ऑक्यूपेंसी सभी क्लास के लिए 117% से ज़्यादा दर्ज की गई है, जिसमें एसी-1 क्लास के लिए 133.33% ऑक्यूपेंसी, AC-2-टियर के लिए 115.95% और AC-3 टियर के लिए 116.85% है। यह पसंद का पैटर्न स्पष्ट रूप से उच्च संरक्षण और इस प्रीमियम स्लीपर सेवा की अपार पर्यटन क्षमता को दर्शाता है। यात्रा के शौकीन लोग दक्षिण बंगाल से उत्तर बंगाल और असम के हिमालयी क्षेत्रों की यात्रा करते समय वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस के बेहतरीन आराम का अनुभव करना पसंद करते हैं।
एनएफ रेलवे की ओर से कहा गया है कि, अपनी हाई-स्पीड क्षमता, कम यात्रा समय, बेहतरीन कुशनिंग और आरामदायक स्लीपर बर्थ के साथ, वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस परिवहन के अन्य साधनों की तुलना में बेजोड़ ऑनबोर्ड आराम प्रदान करती है। याद रहे कि देश की इस पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शुभारंंभ बीती 17 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यू मालदह टाउन स्टेशन से किया था।