केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के बंद का शहर में मिला-जुला असर

सुबह से दोपहर तक दिखा बंद का असर, दोपहर बाद से सब कुछ खुल गए, बंद समर्थकों और बंद विरोधियों की रैली को लेकर दिखा तनाव, पुलिस ने संभाला
केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के बंद का शहर में मिला-जुला असर
Published on

सिलीगुड़ी ः नए श्रम कानून व कृषि नीति को लेकर केंद्र सरकार की जनहित विरोधी नीतियों के विरुद्ध वामपंथी केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के ज्वाइंट फोरम की ओर से बुधवार 9 जुलाई को 24 घंटे भारत बंद का आह्वान किया गया था। कांग्रेस के ट्रेड यूनियन इंटक का भी इसे समर्थन प्राप्त था। इस बंद का सिलीगुड़ी व आसपास में मिला-जुला असर देखा गया। इस दिन सुबह से लेकर दोपहर तक शहर की सड़कें सूनसान रहीं। इक्का-दुक्का वाहन ही चलते नजर आए। वहीं, दुकानें व बाजार भी बंद रहे। हालांकि, छिटपुट कहीं-कहीं कुछ-कुछ दुकानें खुली रहीं। स्कूल, कॉलेज व अन्य शिक्षण संस्थान भी खुले रहे। मगर, वहां शिक्षक-कर्मचारियों की ही उपस्थिति रही। विद्यार्थी नदारद रहे। अन्य संस्थान व प्रतिष्ठानों में भी ऐसा ही हाल रहा। दोपहर बाद चीजें सामान्य होने लगीं और शाम होते-होते मानो सब कुछ खुल गया। चाय बागानों में बंद का अच्छा असर रहा।

इस दिन बंद को लेकर शहर व आसपास में विभिन्न जगहों पर सुबह से दोपहर तक एक ओर जहां बंद समर्थक केंद्रीय ट्रेड यूनियनों व कांग्रेस के ट्रेड यूनियन इंटक आदि के लोगों ने रैली निकाली और पिकेटिंग की वहीं बंद विरोधी तृणमूल कांग्रेस के ट्रेड यूनियन आईएनटीटीयूसी समर्थकों ने बंद के विरोध में रैली निकाली। इस दौरान जगह-जगह किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने को काफी संख्या में पुलिस मुस्तैद रही। बंद के समर्थन और विरोध को लेकर सिलीगुड़ी शहर के सर्वप्रमुख हिलकार्ट रोड पर सुबह सेस दोपहर तक काफी तनाव का माहौल देखा गया। इस दिन सीटू, एटक, एसएफआई समेत कांग्रेस के ट्रेड यूनियन इंटक समर्थक बंद के समर्थन में सड़कों पर उतरे। वहीं, तृणमूल कांग्रेस के ट्रेड यूनियन आईएनटीटीयूसी ने बंद का विरोध करते हुए एक विरोध मार्च निकाला। हालांकि, कहीं से भी कोई बड़ी अप्रिय खबर नहीं आई। बंद शांतिपूर्ण गुजरा।

पुलिस की कैप उचकने पर बवाल

सिलीगुड़ी शहर के सर्वप्रमुख हिलकार्ट रोड पर बुधवार सुबह बंद समर्थकों के प्रदर्शन के दौरान हंगामा मच गया। हुआ यूं कि प्रदर्शनकारी बंद समर्थकों की भीड़ में से एक व्यक्ति ने एक पुलिस जवान की कैप को उचक लिया। मगर, जवान ने तुरंत बिना देरी के उसे रंगे हाथों दबोच लिया व अपनी कैप वापस छीन ली। जबकि, अन्य बंद समर्थक समझे कि उनके साथी को पुलिस वाला पकड़ रहा है बस वे पुलिस वालों से उलझ गए। हालांकि, पुलिस अधिकारी ने सूझबूझ संग सबको शांत कराया। यह सब तब हुआ जब बंद समर्थकों ने सड़क पर आते-जाते वाहनों को रोकने की कोशिश की। उन्हें ऐसा करते देख पुलिस मौके पर पहुंची और बंद समर्थकों को किसी भी प्रकार की जबरदस्ती करने से मना किया।

नक्सलबाड़ी में 1 गिरफ्तार

नक्सलबाड़ी स्थित सतभैया इलाके में एशियन हाईवे-2 पर बंद समर्थकों ने नारेबाजी और वाहनों को रोक कर जबरन सड़क अवरुद्ध कर दिया। यह जान राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के ट्रेड यूनियन आईएनटीटीयूसी के कार्यकर्ता और समर्थक वहा पहुंच गए। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई भी हो गई। बंद समर्थकों का आरोप है कि आईएनटीटीयूसी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मौजूदगी में उन पर हमला किया। उनके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in