

सिलीगुड़ी : नागरिक सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में सिलीगुड़ी नगर निगम ने कई सेवाओं में नए आयाम जोड़े हैं। इसके तहत 1 हाई कैपेसिटी रिकवरी वैन, 1 हाइड्रोलिक इलेक्ट्रिक लैडर, 1 मोबाइल टॉयलेट वैन (बायो-टॉयलेट) का शुभारंभ किया गया। मेयर गौतम देव ने इसका शुभारंभ किया। वहीं, उन्होंने वार्ड नंबर 6 और वार्ड नंबर 7 के लिए एक-एक कर कुल 2 एम्बुलेंस भी संबंधित पार्षदों को सौंपी। ये एम्बुलेंस 'आमार पाड़ा, आमार समाधान' प्रोजेक्ट के तहत खरीदी गई हैं। वहीं, इसी दिन मेयर ने नगर निगम के अन्य पदाधिकारियों संग 'हाउसिंग फॉर ऑल 2.0' प्रोजेक्ट के टैब्लॉय प्रचार वाहन को भी हरी झंडी दिखा कर प्रचार पर रवाना किया।
इस अवसर पर मेयर ने बताया कि, उपरोक्त पांचों वाहन 1.23 करोड़ रुपये की लागत से खरीदे गए। शहर में बुनियादी नागरिक परिसेवा को अधिक सशक्त व गतिशील बनाने के उद्देश्य से ही सिलीगुड़ी नगर निगम ने एक साथ कई सेवाओं में नए आयाम जोड़े हैं।इस अवसर पर डिप्टी मेयर रंजन सरकार, चेयरमैन प्रतुल चक्रवर्ती, एमएमआईसी दुलाल दत्त, मानिक दे, कमल अग्रवाल, 2 नंबर बोरो चेयरमैन व 6 नंबर वार्ड के पार्षद आलम खान, 7 नंबर वार्ड के पार्षद पिंटू घोष व अन्य कई सम्मिलित रहे।