अस्पताल में मरीजों के बीच मंत्री ने मनाई दीपावली

अस्पताल में मरीजों के बीच मंत्री ने मनाई दीपावली
Published on: 

कालचीनी : दीपावली का असली अर्थ केवल अपने घर को रोशन करना नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में भी खुशियों का उजाला फैलाना है। इसी मानवीय संदेश के साथ कालचीनी के विधायक एवं राज्य के गृह राज्य मंत्री विशाल लामा ने भाजपा के स्थानीय नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के साथ इस बार दीपावली अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच मनाई। दीपावली के अवसर पर मंत्री विशाल लामा भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कालचीनी ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में जाकर भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान मरीजों को मिठाइयां खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया गया और मोमबत्तियां जलाकर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा की गईं। मंत्री ने सभी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए दीपावली और भाई दूज की शुभकामनाएं भी दीं। मंत्री विशाल लामा ने कहा कि दीपावली खुशियों और आपसी प्रेम का त्योहार है। इस खुशी को केवल अपने घर और परिवार तक सीमित नहीं रखना चाहिए। अस्पताल में इलाज करा रहे मरीज भी हमारे अपने हैं। उनके बीच कुछ पल बिताकर उनके चेहरों पर मुस्कान लाना ही सच्ची दीपावली है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने त्योहार की शुरुआत अस्पताल से की और मरीजों के साथ खुशियां साझा करने के बाद ही घर में दीपावली मनाने का निर्णय लिया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष उत्तम लामा, युवा मोर्चा अध्यक्ष राहुल लामा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अस्पताल परिसर को भी रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था। मंत्री और भाजपा नेताओं की इस पहल से मरीजों और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News