अलीपुरदुआर : माध्यमिक परीक्षा देने का सपना लेकर परीक्षा केंद्र पहुंची एक छात्रा को उस समय गहरा झटका लगा, जब जरूरी दस्तावेज़ों के अभाव में उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं मिली। यह मार्मिक घटना अलीपुरदुआर जिले के दलसिंगपाड़ा इलाके से सामने आई है। दलसिंगपाड़ा की निवासी मनिषा कामी का इस वर्ष माध्यमिक परीक्षा केंद्र हासीमारा हिंदी हाई स्कूल में निर्धारित था। परीक्षा के दिन सुबह मनिषा रजिस्ट्रेशन कार्ड लेकर परीक्षा केंद्र पहुंची, लेकिन उसके पास एडमिट कार्ड मौजूद नहीं था। नियमानुसार बिना एडमिट कार्ड परीक्षा में शामिल होना संभव नहीं होने के कारण उसे परीक्षा केंद्र के बाहर ही रोक दिया गया। परीक्षा केंद्र के बाहर मनिषा की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
उसका आरोप है कि उसने कई बार अपने स्कूल से एडमिट कार्ड दिलाने की गुहार लगाई थी, लेकिन स्कूल की ओर से उसे कोई ठोस सहायता नहीं मिली। मनिषा का कहना है कि अगर समय रहते स्कूल प्रशासन ने मदद की होती, तो उसे इस स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता। मनिषा के परिवार के सदस्यों ने भी स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। स्कूल में एक ही नाम के दो छात्राएं होने के वजह से मेरी बेटी का एडमिट कार्ड नहीं आया जिसके चलते उसकी सपनों में रुकावट आ रही है। उनका कहना है कि स्कूल की गाफिलती के कारण ही मनिषा इस साल माध्यमिक परीक्षा से वंचित रह गई। यह घटना एक बार फिर परीक्षा व्यवस्था में संवेदनशीलता और जवाबदेही पर सवाल खड़े करती है, जहां एक छात्रा का भविष्य केवल एक दस्तावेज़ की कमी के कारण अधर में लटक गया।