

सोरेंग : दारमदिन विधानसभा क्षेत्र के दारमदिन टार में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल के रूप में महात्मा गांधी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी गई। सिक्किम विधानसभा के अध्यक्ष सह दारमदिन क्षेत्र के विधायक एम.एन. शेरपा ने विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी।
समारोह में महात्मा गांधी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पवन कुमार सैनी, स्टेट बैंक ऑफ सिक्किम के अध्यक्ष डी.बी. गुरूंग, अखिल सिक्किम अनुसूचित जनजाति कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पी.के. सुब्बा, क्षमता निर्माण एवं कौशल विकास की अध्यक्ष मिंगमा लामू शेरपा सहित प्रशासनिक अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
दारमदिन टार के बतासे में विश्वविद्यालय की स्थापना को क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण और कौशल विकास के लिए नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
समारोह में कहा गया कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग के नेतृत्व में सिक्किम में उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा के संस्थानों का विस्तार हुआ है। हेलेन लेप्चा मेडिकल कॉलेज की स्थापना को भी राज्य में चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में रेखांकित किया गया।
दारमदिन में महात्मा गांधी विश्वविद्यालय की स्थापना से राज्य के शैक्षिक परिदृश्य को और मजबूती मिलने के साथ क्षेत्र की नई पीढ़ी के लिए शिक्षा और रोजगार के अवसरों के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होने की उम्मीद है।