चाय बागान से मिला वयस्क तेंदुए का शव, फैली सनसनी

deadbody of leopard
deadbody of leopard
Published on

सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी महकमा के खोरीबाड़ी इलाके स्थित सचिंद्र चंद्र चाय बागान में उस समय हड़कंप मच गया, जब बागान से एक वयस्क तेंदुए का शव बरामद किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, दुर्गा पूजा के बाद रविवार सुबह बागान के 5 नंबर सेक्शन में श्रमिक पत्तियां तोड़ने के लिए पहुंचे थे। काम के दौरान उन्हें आसपास तेज दुर्गंध महसूस हुई, जिससे शक होने पर उन्होंने जांच की। पास जाकर देखने पर पता चला कि चाय के पौधों के बीच एक तेंदुए का शव पड़ा है। इस दृश्य को देखकर श्रमिकों में भय और घबराहट फैल गई। तुरंत ही श्रमिकों ने बागान प्रबंधन को इसकी जानकारी दी।


इसके बाद बागान प्रशासन ने वन विभाग को सूचना दी। खबर मिलते ही घोषपुकुर रेंज से वनकर्मी मौके पर पहुंचे और तेंदुए के शव को कब्जे में लिया। जैसे ही घटना की खबर फैली, स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर तेंदुए को देखने पहुंचने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि चाय बागान क्षेत्र में अक्सर तेंदुए देखे जाते हैं और श्रमिकों को कई बार रास्ते में तेंदुए के दर्शन भी हुए हैं। लोगों की मांग है कि वन विभाग तेंदुओं को पकड़ने की उचित व्यवस्था करे, ताकि किसी दुर्घटना से बचा जा सके। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच के बाद ही मृत्यु के असली कारण का पता चल सकेगा।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in