क्षतिग्रस्त वाहन
क्षतिग्रस्त वाहन

पेड़ से टकराई कार, उड़े परखच्चे, 3 की मौत

Published on

 अलीपुरदुआर : एक तेज रफ्तार कार एक विशाल पेड़ से जा टकराई और उसके परखच्चे उड़ गए। इसके साथ ही कार सवार 3 युवकों की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा बीते सोमवार व मंगलवार के बीच की देर रात अलीपुरदुआर के निकट पूंटीमारी में सेंट्रल बैंक के सामने एनएच-31 पर हुई । पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक छोटी कार बहुत ही तेज़ रफ्तार में राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए बारोबिसा की ओर जा रही थी। उस पर 4 युवक सवार थे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार के चलते ड्राइवर ने कार पर अपना नियंत्रण खो दिया और कार सीधे सड़क किनारे खड़े एक विशाल बरगद के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। उसके तीन टुकड़े हो गए। वहीं, कार में सवार युवक छिटक कर दूर सड़क पर जा गिरे। गए। 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान मृतकों की पहचान अलीपुरदुआर के विवेकानंद क्लब क्षेत्र के निवासी प्रदीप घोष (24 वर्ष), भोलार डाबरी पश्चिम जयपुर निवासी दीप दास (23 वर्ष) और कालचीनी ब्लॉक के राजाभातखावा निवासी अभिजीत दास (24 वर्ष) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल ड्राइवर भोलार डाबरी क्षेत्र निवासी विनय पाल चौधुरी (23 वर्ष) का कूचबिहार मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में इलाज जारी है जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

उक्त हादसे की सूचना पा कर शामुकतला रोड आउटपोस्ट के ओसी संजीव मोदक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अलीपुरदुआर ज़िला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उपरोक्त 3 युवकों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमाॅर्टम के लिए भिजवाया और बाद में परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की।

इधर, मंगलवार सुबह से ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात में तेज़ धमाके की आवाज़ से उनकी नींद खुली और बाहर निकलकर उन्होंने यह भयावह दृश्य देखा। कई स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में राष्ट्रीय राजमार्ग पर इतनी भयानक दुर्घटना पहले कभी नहीं देखी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं तेज़ रफ्तार के साथ नशे में वाहन चलाना हादसे की वजह तो नहीं था। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in