मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर महीनेभर कार्यक्रम करेगा भाजपा

17 सितंबर से शुरुआत, लाभार्थियों के घर जलाया जाएगा ‘आशीर्वाद का दीप’; नुक्कड़ नाटक, बाइक रैली और जनसंपर्क अभियान भी
मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर महीनेभर कार्यक्रम करेगा भाजपा
Published on

सिलीगुड़ी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा देशभर में महीनेभर सामाजिक और सांगठनिक कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसी कड़ी में सिलीगुड़ी समेत दार्जिलिंग जिले में भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। बुधवार को सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला भाजपा की ओर से प्रेस कांफ्रेंस कर कार्यक्रमों की रूपरेखा जारी की गयी।इससे पहले कार्यक्रमों को लेकर सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला भाजपा के नेताओं की बैठक हुई। इसमें पर्यटन मंत्री शंकर घोष, फांसीदेवा विधायक दुर्गा मुर्मू समेत जिला भाजपा के कई नेता मौजूद रहे।

प्रेस कांफ्रेंस में शंकर घोष ने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत 17 सितंबर से होगी और यह अभियान एक महीने तक चलेगा। 17 सितंबर की शाम भाजपा कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घर पहुंचेंगे और वहां ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाएंगे।अभियान के दौरान अलग-अलग इलाकों में नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किये जाएंगे। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में किये गये सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों में माताओं और बच्चों को लेकर विशेष कार्यक्रम होंगे। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया जाएगा।

भाजपा की ओर से महिलाओं और बच्चों के कल्याण से जुड़ी केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं को लेकर भी जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा पदयात्रा, बाइक रैली और विभिन्न सांगठनिक एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला भाजपा के अनुसार, इसी तरह के महीनेभर के कार्यक्रम दार्जिलिंग जिले के विभिन्न हिस्सों में भी आयोजित होंगे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in