नई दिल्ली में बोर्ड ऑफ ट्रेड की 5वीं बैठक आयोजित

मंत्री टीटी भूटिया,मंत्री पीयूष गोयल व अन्य
मंत्री टीटी भूटिया,मंत्री पीयूष गोयल व अन्य
Published on

गंगटोक: शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित बोर्ड ऑफ ट्रेड की पांचवीं बैठक में सिक्किम का प्रतिनिधित्व उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री टीटी भूटिया ने किया। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने की। बैठक के दौरान मंत्री टीटी भूटिया ने सिक्किम की जैविक कृषि, फार्मास्यूटिकल्स, जीआई टैग उत्पाद, बागवानी और पर्यटन क्षेत्रों में निर्यात क्षमता को प्रमुखता से प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग के नेतृत्व में राज्य में निर्यात प्रोत्साहन, एमएसएमई सशक्तिकरण और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से हिमालयी और पूर्वोत्तर राज्यों के लिए विशेष निर्यात मिशन, औद्योगिक भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु लचीली नीति तथा वायु कार्गो, कोल्ड-चेन और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं के विस्तार में सहयोग की मांग की।

नाथूला व्यापार मार्ग की बहाली और कैलाश मानसरोवर यात्रा के पुनः शुरू होने को महत्वपूर्ण बताया

सीमा व्यापार पर चर्चा करते हुए मंत्री ने सिक्किम की रणनीतिक स्थिति को रेखांकित किया और बताया कि नाथूला व्यापार मार्ग की बहाली पूरी हो चुकी है। साथ ही कैलाश मानसरोवर यात्रा का नाथूला मार्ग से पुनः शुरू होना राज्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिससे सीमा व्यापार को नई गति मिलेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने नेपाल के साथ सीमा व्यापार को बढ़ावा देने के लिए उत्तरै में चेवा भञ्ज्यांग के पास लगभग पांच हेक्टेयर भूमि चिन्हित की है, जहां बॉर्डर हाट और अंतरराष्ट्रीय व्यापार सुविधा केंद्र विकसित किया जाएगा। इससे स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलेगा, एमएसएमई को मजबूती मिलेगी और सीमावर्ती क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इसके अलावा, उन्होंने वायु कार्गो संपर्क, कोल्ड-चेन इंफ्रास्ट्रक्चर, मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स, मालभाड़ा सहायता, गुणवत्ता परीक्षण एवं प्रमाणन सुविधाओं तथा मुक्त व्यापार समझौतों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए केंद्र से निरंतर सहयोग की अपील की।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in