सशस्त्र सीमा बल के जवान व महिलाएं
सशस्त्र सीमा बल के जवान व महिलाएं

चेंगमारी में 30 दिवसीय टेलरिंग प्रशिक्षण शिविर का समापन

Published on

नागराकाटा: भारत–भूटान सीमावर्ती क्षेत्र चेंगमारी के शिव मंदिर मैदान में शुक्रवार को नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित 30 दिवसीय टेलरिंग प्रशिक्षण शिविर का समापन किया गया। यह कार्यक्रम 17 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल फालाकाटा के कमांडेंट संजय त्रिपाठी के दिशा-निर्देशन में तथा उप कमांडेंट सुबीर घोष की उपस्थिति में संपन्न हुआ। उल्लेखनीय है कि इस प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ पूर्व में जीती समवाय के सामुदायिक भवन में किया गया था। प्रशिक्षण सालबाड़ी-2 दुर्गा महिला स्वनिर्भर गोष्ठी समिति के सहयोग से संचालित किया गया। वाइब्रेंट विलेज योजना के अंतर्गत सीमावर्ती क्षेत्रों जीती एवं चेंगमारी चाय बगान की कुल 50 जरूरतमंद युवतियों को इस शिविर में सिलाई का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।समापन अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा, इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम सीमावर्ती क्षेत्रों के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रहेंगे, जिससे प्रशिक्षित युवतियां आत्मनिर्भर बन सकेंगी और स्वयं का टेलरिंग शॉप खोलकर या अन्य संस्थानों में रोजगार प्राप्त कर सकेंगी। इसी अवसर पर सीमावर्ती क्षेत्रों के जरूरतमंद स्कूलों के विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अध्ययन सामग्री वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

मुख्य अतिथि द्वारा विद्यार्थियों को वुडन स्टडी टेबल, वुडन बुक शेल्फ, प्लास्टिक चेयर तथा पुस्तकें वितरित की गईं। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अध्ययन सामग्री की उपलब्धता से बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ती है और उनमें आत्मविश्वास विकसित होता है। साथ ही विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और परिश्रम के लिए प्रेरित किया गया।

इसके अतिरिक्त 17 वाहिनी की सहायक चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अलका आर. द्वारा मानव चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों को स्वास्थ्य परीक्षण के बाद निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मणिभूषण कुमार, प्रधानाध्यापक, जीती प्राइमरी स्कूल, असलम शेख भार प्राप्त शिक्षक लाल झमेला प्राइमरी स्कूल, निरीक्षक सामान्य अमर लाल सोनकरिया, समवाय प्रभारी चेंगमारी सहित क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in