12 फीट की सड़क होगी 24 फीट चौड़ी

बेलाकोबा बटतला - गेट बाजार सड़क की मापी शुरू, हादसों पर लगेगा अंकुश
12 फीट की सड़क होगी 24 फीट चौड़ी
Published on

राजगंज : लंबे समय से सड़क चौड़ीकरण की मांग के बीच बेलाकोबा बटतला से गेट बाजार तक सड़क को चौड़ा करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बुधवार को राजगंज के विधायक दिनेश सरकार की मौजूदगी में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और भूमि एवं भूमि सुधार विभाग के अधिकारियों ने सड़क की मापी शुरू की। करीब 12 फीट चौड़ी सड़क को बढ़ाकर कम से कम 24 फीट करने का प्रस्ताव है।

विधायक दिनेश सरकार ने बताया कि मौजूदा सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण दो वाहनों का एक साथ गुजरना मुश्किल होता है। इससे साइकिल और मोटरसाइकिल चालकों को भी परेशानी होती है। सड़क चौड़ीकरण के लिए सरकार से अनुरोध किया गया है। प्रारंभिक प्रक्रिया के तहत बुधवार को पीडब्ल्यूडी और ब्लॉक भूमि एवं भूमि सुधार अधिकारी (बीएलएलआरओ) विभाग की ओर से मापी का काम शुरू किया गया।

पर्यटन से बढ़ा वाहनों का दबाव

बेलाकोबा बटतला-गेट बाजार मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है। इलाके में पर्यटन स्थल होने के कारण हाल के समय में इस मार्ग पर यातायात का दबाव भी बढ़ा है। विधायक ने दावा किया कि सड़क की कम चौड़ाई के कारण अतीत में यहां कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।

स्थानीय लोगों ने जताई सहमति

सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया में स्थानीय निवासी सहयोग कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि सड़क चौड़ी होने से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और पैदल यात्रियों के साथ वाहन चालकों की सुरक्षा भी बेहतर होगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in