

सिलीगुड़ी नक्सलबाड़ी टी एस्टेट के चाय श्रमिकों ने बकाया बोनस के भुगतान की मांग को लेकर मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। श्रमिकों के समर्थन में सीआईटीयू (CITU) और भारतीय टी वर्कर्स यूनियन (BTWU) के बैनर तले प्रदर्शनकारी राज्य राजमार्ग पर उतरे और बकाया बोनस का तत्काल भुगतान करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए अपने हक का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शनकारी संगठनों का आरोप है कि मुख्यमंत्री की ओर से बोनस भुगतान को लेकर निर्देश दिए जाने के बावजूद नक्सलबाड़ी टी एस्टेट के श्रमिकों को अब तक उनका देय बोनस नहीं मिला है। संगठनों का कहना है कि चाय श्रमिक पूरे वर्ष बागान में मेहनत करते हैं और बोनस उनके अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण भुगतान है। ऐसे में भुगतान में देरी से श्रमिकों के बीच असंतोष बढ़ रहा है।
सीआईटीयू और बीटीडब्ल्यूयू की ओर से स्पष्ट किया गया कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक संगठन के हित में नहीं, बल्कि चाय श्रमिकों के अधिकार और उनके कल्याण के लिए किया जा रहा है। संगठनों के मुताबिक प्रदर्शन में अलग-अलग राजनीतिक विचारधारा से जुड़े लोग भी शामिल हुए, लेकिन सभी का उद्देश्य श्रमिकों को उनका बकाया बोनस दिलाना रहा।
प्रदर्शन के दौरान नक्सलबाड़ी थाना और नक्सलबाड़ी बीडीओ कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की गई। संगठनों ने कहा कि स्थानीय स्तर पर ज्ञापन देने के साथ ही इस मुद्दे को श्रम विभाग तक भी पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्र के सांसद और श्रम मंत्री को भी पत्र भेजकर चाय श्रमिकों के बकाया बोनस का जल्द भुगतान कराने की मांग की जाएगी।
संगठनों ने चेतावनी दी कि श्रमिकों के अधिकारों से जुड़े इस मामले में जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जा सकता है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में चाय श्रमिकों की मौजूदगी रही।