जलपाईगुड़ी: दुर्गापूजा को लेकर मंगलवार को जलपाईगुड़ी नगरपालिका के प्रयास सभागार में पूजा कमेटियों के साथ प्रशासनिक बैठक हुई। बैठक में पुलिस-प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूजा पंडाल में डीजे बजाने या साइलेंट जोन में माइक का इस्तेमाल करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जलपाईगुड़ी सदर महकमा शासक कार्यालय की ओर से आयोजित बैठक में जलपाईगुड़ी और मयनागुड़ी नगरपालिका क्षेत्र की पूजा कमेटियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में राज्य सरकार द्वारा दुर्गापूजा से संबंधित विभिन्न अनुमतियों के लिए शुरू किए गए सिंगल विंडो सिस्टम वाले सरल पोर्टल के बारे में भी जानकारी दी गई। प्रशासन की ओर से पूजा कमेटियों को सभी सरकारी दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की गई। बिजली के ट्रांसफार्मर या तार के पास पंडाल नहीं बनाने, पंडाल के आसपास आग जलाकर खाना नहीं पकाने तथा क्लोज पंडाल में प्रवेश और निकासी के लिए दो गेट रखने का निर्देश दिया गया।
डिप्टी मजिस्ट्रेट किनले भूटिया ने कहा कि पूजा पंडाल के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए नगरपालिका के साथ समन्वय कर काम करना होगा। पूजा जुलूस का रूट पहले से पुलिस को बताना होगा। पूजा अनुदान और सरकारी स्तर पर उद्घाटन से संबंधित जानकारी बाद में पूजा आयोजकों को दी जाएगी। जलपाईगुड़ी कोतवाली थाने की आईसी मौमेन चक्रवर्ती ने कहा कि पूजा के दौरान पर्याप्त पुलिस गश्त रहेगी। ग्रीन क्रैकर के अलावा अन्य पटाखे नहीं चलाए जा सकेंगे। लक्ष्मी पूजा से पहले विसर्जन पूरा करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा में डीजे नहीं बजाया जा सकता और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने पूजा कमेटियों को चंदा वसूली में किसी तरह की जबरदस्ती नहीं करने की भी चेतावनी दी।