

कर्सियांग: विद्यार्थियों को खेलकूद, विशेषकर फुटबॉल के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से नेपाली फिल्म ‘अंजिला’ की विशेष स्क्रीनिंग कर्सियांग के गिद्धपहाड़ स्थित सिनेमा हॉल में आयोजित की गई। जेआर फुटबॉल अकादमी के विद्यार्थियों ने अपने अभिभावकों के साथ फिल्म देखी।
नेपाल महिला राष्ट्रीय फुटबॉल टीम की कप्तान एवं गोलकीपर अंजिला तुम्बापो सुब्बा के वास्तविक जीवन पर आधारित यह फिल्म उनके संघर्ष, समर्पण, चुनौतियों और सफलता की कहानी प्रस्तुत करती है। अकादमी के कोच एवं पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी जितेन राई की पहल पर विद्यार्थियों को फिल्म देखने का अवसर मिला।
फिल्म के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों ने इसे प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि अंजिला की कहानी युवाओं को कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहने और मेहनत जारी रखने की प्रेरणा देती है। आयोजकों ने विद्यार्थियों को खदा पहनाकर सम्मानित किया और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।