

सिलीगुड़ी : राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूर्ति की कड़ी में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की ओर से गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सिलीगुड़ी सिटी सेंटर में देशभक्ति भरा भव्य कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। खपरैल के सुबलजोत स्थित एसएसबी की 8वीं वाहिनी के माध्यम से एसएसबी के सिलीगुड़ी सीमांत मुख्यालय के बैंड द्वारा जैज बैंड एवं ब्रास बैंड की शानदार व जानदार प्रस्तुति से हर कोई देशभक्ति के जज्बे से सराबोर हो उठा। एसएसबी के सिलीगुड़ी सीमांत मुख्यालय (रानीडांगा) के उप महानिरीक्ष एकेसी सिंह की उपस्थिती में सिटी सेंटर मॉल परिसर में राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' का सामूहिक गायन किया गया।
वहीं, देशभक्ति के जज्बे से जुड़ी कई गतिविधियां आयोजित की गईं। यह आयोजन राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूने होने को ले चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के अंग के रूप में किया गया। एसएसबी की ओर से बताया गया है कि, इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थनीय जनसमुदाय विशेषकर विद्यार्थियों एवं युवाओं को राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के महत्व व भारत की स्वतंत्रता के संग्राम के इतिहास से रू-ब-रू कराते हुए उनमें देशभक्ति की भावना को और बल प्रदान करना था।
इस अवसर पर सिलीगुड़ी सिटी सेंटर मॉल के मुख्य प्रबंधक योगेश प्रधान व कार्यक्रम का आनंद उठाने वाले तमाम लोगों ने एसएसबी द्वारा किये गये इस देशिहत व जनहितकारी कार्य की खूब सराहना की गई। उन्होंने आगे भी इस तरह के कार्यक्रमों के आयोजन की मांग की। उल्लेखनीय है कि, सेवा सुरक्षा और बंधुत्व के मूलमंत्र को सार्थक करते हुए सशस्त्र सीमा बल सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ-साथ जन-कल्याण और सुरक्षा के प्रति निरंतर समर्पित है।