सिलीगुड़ी कॉरिडोर की सुरक्षा पर विशेष नजर, सीमावर्ती इलाकों में बढ़ी निगरानी

खोड़ीबाड़ी के रानीगंज पुलिस चौकी में फोर्स बैरक का उद्घाटन, दुर्गापूजा को लेकर पुलिस अलर्ट
सिलीगुड़ी कॉरिडोर की सुरक्षा पर विशेष नजर, सीमावर्ती इलाकों में बढ़ी निगरानी
Published on: 

सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी कॉरिडोर की संवेदनशीलता को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तर बंगाल क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सुकेश कुमार जैन ने खोड़ीबाड़ी स्थित रानीगंज पुलिस चौकी में फोर्स बैरक का उद्घाटन किया। इस दौरान जिला पुलिस के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद आईजी ने फीता काटकर बैरक का औपचारिक उद्घाटन किया।

वॉचटावर से सीमावर्ती क्षेत्र का निरीक्षण

बैरक के उद्घाटन के बाद आईजी सुकेश कुमार जैन ने वॉचटावर से दूरबीन के माध्यम से सीमावर्ती इलाके का निरीक्षण किया। इस दौरान दार्जिलिंग रेंज की पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) जॉयेटा बोस और दार्जिलिंग जिला पुलिस अधीक्षक वाई. श्रीकांत जगन्नाथराव उनके साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इसके बाद आईजी ने एसएसबी के आईजी वंदन सक्सेना के साथ बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने इमिग्रेशन चेकपोस्ट और सीमावर्ती इलाके का भी निरीक्षण किया।

भारत-बांग्लादेश, भूटान और नेपाल सीमा पर निगरानी

मीडिया से बातचीत के दौरान सुकेश कुमार जैन ने कहा कि सिलीगुड़ी कॉरिडोर एक संवेदनशील क्षेत्र है। सीमावर्ती सुरक्षा और निगरानी को लेकर बीएसएफ, एसएसबी और पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठकें की गई हैं। उन्होंने बताया कि बांग्लादेश, भूटान और नेपाल से लगी सीमाओं पर निगरानी रखी जा रही है।

दुर्गापूजा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत

आईजी ने कहा कि दुर्गापूजा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है और प्रशासन सतर्क है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री की पहल पर पुलिस को चारपहिया वाहन और मोटरसाइकिल उपलब्ध कराए गए हैं। इन वाहनों से विभिन्न इलाकों में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in