फुलबाड़ी के स्नेहदीप का किक बॉक्सिंग वर्ल्ड कप के लिए चयन

पश्चिम बंगाल से चुने गए दो खिलाड़ियों में शामिल हैं नारायणा स्कूल के कक्षा छठी के छात्र
फुलबाड़ी के स्नेहदीप का किक बॉक्सिंग वर्ल्ड कप के लिए चयन
Published on: 

फुलबाड़ी

फुलबाड़ी के नारायणा स्कूल के कक्षा छठी के छात्र स्नेहदीप रॉय ने किक बॉक्सिंग में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाई है। उनका चयन किक बॉक्सिंग वर्ल्ड कप चैंपियनशिप 2026 के लिए हुआ है। प्रतियोगिता 13 से 18 अक्टूबर तक उज्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित की जाएगी।

इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए पश्चिम बंगाल से केवल दो खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिसमें स्नेहदीप रॉय भी शामिल हैं। वहीं, पूरे देश से कुल 22 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। ऐसे में स्नेहदीप का चयन उनके परिवार और विद्यालय के साथ-साथ फुलबाड़ी और पश्चिम बंगाल के लिए भी गौरव का विषय है।

स्नेहदीप ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए लगातार अभ्यास और कड़ी मेहनत की है। कोच प्रशांतजीत के मार्गदर्शन में उन्होंने प्रतियोगिता के लिए तैयारी की है। प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन और नियमित अभ्यास पर विशेष ध्यान दिया गया। इसी मेहनत के परिणामस्वरूप उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है।

स्नेहदीप के चयन की खबर से नारायणा स्कूल, फुलबाड़ी में भी खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज झा ने छात्र को बधाई देते हुए कहा कि यह विद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने स्नेहदीप को पूरे आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की शुभकामनाएं दीं।

प्राचार्य ने स्नेहदीप के अभिभावकों और उनके कोच को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी विद्यार्थी की सफलता में उसकी मेहनत के साथ परिवार, प्रशिक्षक और विद्यालय का सहयोग भी महत्वपूर्ण होता है।

विद्यालय परिवार को उम्मीद है कि स्नेहदीप ताशकंद में अपने प्रदर्शन से देश, राज्य और विद्यालय का नाम रोशन करेंगे। प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पहले स्कूल की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in