

गंगटोक: सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) पंचायत प्रकोष्ठ की ओर से तुमिन-लिंगी समष्टि के पातुक-सिंगबेल जीपीयू सभाकक्ष में ‘पंचायत परामर्श अभियान’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रकोष्ठ की उपाध्यक्ष प्रभारी एवं विधायक कला राई मुख्य अतिथि रहीं, जबकि अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक साम्डुप भूटिया ने की।
अभियान के दौरान कला राई ने वर्तमान और पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुने। खुली चर्चा में उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर उन्होंने क्रमवार प्रतिक्रिया दी तथा पंचायत प्रतिनिधियों को अपनी जिम्मेदारियों और दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि आगामी पंचायत चुनाव पार्टीगत आधार पर आयोजित किया जाएगा।
विधायक साम्डुप भूटिया ने पंचायती राज व्यवस्था और पंचायतों के कोष प्रबंधन से जुड़े विषयों पर जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि हर विषय को राजनीति से जोड़ना उचित नहीं है और आपसी संबंधों को बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा पंचायत कल्याण बोर्ड के गठन की दिशा में पहल की जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष बलराम अधिकारी, ओटी लेप्चा, बाल गोविंद रसाइली, अशोक गुरूंग, हरिहर गुरागाईं सहित वर्तमान एवं पूर्व पंचायत प्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे ।