

सिलीगुड़ी : नेताजी ब्वॉयज हाई स्कूल के प्राथमिक खंड में मंगलवार को दो नए कक्षाओं का उद्घाटन किया गया। सिलीगुड़ी जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण (SJDA) की ओर से तैयार कराए गए इन दोनों कक्षाओं का उद्घाटन सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षकों से मुलाकात की।उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान शंकर घोष ने स्कूल के छोटे बच्चों के साथ भी समय बिताया। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत की और उनकी पढ़ाई समेत स्कूल की गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। बच्चों के साथ बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बीच समय बिताना हमेशा सुखद अनुभव होता है।
स्कूल के प्राथमिक खंड में दो नए कक्षाओं के शुरू होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध होगा। इससे कक्षा संचालन में सुविधा होने के साथ स्कूल में उपलब्ध शैक्षणिक बुनियादी ढांचे को भी मजबूती मिलेगी।कार्यक्रम के दौरान स्कूल प्रबंधन की ओर से नए कक्ष उपलब्ध कराने के लिए SJDA के प्रति आभार जताया गया। स्थानीय स्तर पर शैक्षणिक संस्थानों में बुनियादी सुविधाओं के विकास को विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शंकर घोष ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में स्कूल के शिक्षक, कर्मचारी और अन्य लोग भी मौजूद रहे।