

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक दार्जिलिंग जिले के बागडोगरा थाना अंतर्गत टिन लाइन, हांसकुआ का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गयी छह लोहे की रॉड भी बरामद कर लीं। बरामद सामान की पहचान शिकायतकर्ता द्वारा की गयी है।
सिलीगुड़ी : बागडोगरा के बलराम नगर स्थित एक मकान से निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली छह लोहे की रॉड चोरी होने के मामले में बागडोगरा थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान 23 वर्षीय शेखर चिक बराइक के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गयी छहों लोहे की रॉड बरामद कर ली हैं। मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है।
जानकारी के अनुसार, 23 सितंबर को बलराम नगर स्थित एक घर से टाटा टिस्कॉन की 16 एमएम की छह लोहे की रॉड चोरी हो गयी थीं। घटना के बाद मकान मालिक की ओर से बागडोगरा थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में उपलब्ध सुरागों के आधार पर छानबीन तेज की। इसी बीच पुलिस को एक विशेष सूत्र से चोरी की घटना में शामिल व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली। सूचना के आधार पर एसआई देबब्रत कुंडू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शेखर चिक बराइक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक दार्जिलिंग जिले के बागडोगरा थाना अंतर्गत टिन लाइन, हांसकुआ का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गयी छह लोहे की रॉड भी बरामद कर लीं। बरामद सामान की पहचान शिकायतकर्ता द्वारा की गयी है।
फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी की घटना को अंजाम देने में उसके साथ कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं। साथ ही चोरी के सामान को कहां ले जाने और बेचने की योजना थी, इस संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।