

गंगटोक: पश्चिम सिक्किम के गेजिंग जिले के रिंबी क्षेत्र में बीती रात हुए भीषण भूस्खलन से उत्पन्न स्थिति पर मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हालात गंभीर बने हुए हैं और लोगों की सुरक्षा एवं कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में सरकार रिंबी के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थिति पर लगातार नजर रखने, हाई अलर्ट बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि वे रिंबी के लोगों की चिंता और परेशानी को समझते हैं। लगातार प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना कर रहे प्रभावित परिवारों के प्रति उन्होंने संवेदना व्यक्त करते हुए उनके लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने लोगों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच सतर्क रहने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। साथ ही उन्होंने लोगों से एक-दूसरे का हरसंभव सहयोग करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार रिंबी की स्थिति पर लगातार करीबी नजर बनाए हुए है और लोगों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, हम रिंबी के लोगों के साथ खड़े हैं।