पांच दिवसीय बैंक कार्य सप्ताह की मांग को लेकर धरना

एआईबीईए की सिक्किम इकाई ने गंगटोक में प्रदर्शन कर उठाई मांग
पांच दिवसीय बैंक कार्य सप्ताह की मांग को लेकर धरना
Published on

गंगटोक : बैंक कर्मचारियों के लिए पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (एआईबीईए) की सिक्किम इकाई ने रविवार को गंगटोक स्थित जिला न्यायालय परिसर में धरना दिया। इस दौरान कर्मचारियों ने मौजूदा बैंकिंग कार्य व्यवस्था में बदलाव कर सप्ताह में पांच दिन बैंक संचालन की व्यवस्था लागू करने की मांग की। संगठन के अनुसार, यह प्रदर्शन देशभर में पांच दिवसीय बैंकिंग प्रणाली लागू करने की मांग को लेकर चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।

धरने में शामिल बैंक कर्मचारी क्षितिज छेत्री ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू होने से कर्मचारियों को बेहतर कार्य-जीवन संतुलन मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही इस मांग पर जल्द निर्णय लिया जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांग के समर्थन में नारे भी लगाए और पांच दिवसीय कार्य व्यवस्था लागू करने की मांग दोहराई।

एआईबीईए की सिक्किम इकाई ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर संगठन का अभियान आगे भी जारी रहेगा। संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, बैंक कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों और सुविधा से जुड़े इस मुद्दे को लेकर विभिन्न स्तरों पर आवाज उठाई जाती रहेगी। धरने में बैंक कर्मचारी और संगठन के सदस्य मौजूद रहे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in