सिलीगुड़ी के दिग्गज उम्मीदवारों ने दाखिल किए पर्चे

'जय श्री राम' और 'जय बांग्ला' के लगे नारे, निकला महाजुलूस
सिलीगुड़ी के दिग्गज उम्मीदवारों ने दाखिल किए पर्चे
Published on

सिलीगुड़ी : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव-2026 के प्रथम चरण के तहत सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र एवं सिलीगुड़ी महकमा के विधानसभा क्षेत्रों के दिग्गज उम्मीदवारों ने गुरुवार को अपना-अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। इसे लेकर शहर में एक के बाद एक कई महाजुलूस निकले। ढोल-ताशे, गाजे-बाजे, कट-आउट, प्लेकार्ड, आदि से सुसज्जित रंगारंग महाजुलूस निकाल कर उम्मीदवार नामांकन पर्चा भरने गए। इस दौरान भाजपा समर्थकों ने 'जय श्री राम' और तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने 'जय बांग्ला' के जम कर नारे लगाए।

सिलीगुड़ी के निवर्तमान भाजपा विधायक व इस बार भी सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र से ही भाजपा उम्मीदवार शंकर घोष के समर्थन में कंचनजंघा स्टेडियम परिसर से महाजुलूस निकला। यह अस्पताल मोड़, हाशमी चौक, हिलकार्ट रोड, सेवक मोड़ व एयर व्यू मोड़ होते हुए मल्लागुड़ी स्थित सिलीगुड़ी एसडीओ सह महकमा निर्वाचन कार्यालय पहुंचा। वहां शंकर घोष ने निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि, सिलीगुड़ी 'छोटी अयोध्या नगरी' है। इस बार यहां अब तक रिकॉर्ड मतों से भाजपा की जीत होगी। तृणमूल कांग्रेस की करारी हार होगी व राज्य में परिवर्तन तय है।

वहीं, दूसरी ओर, सिलीगुड़ी के मेयर व सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार गौतम देव के समर्थन में बाघाजतिन पार्क से रंगारंग महाजुलूस निकला। यह भी उपरोक्त मार्ग होते हुए सिलीगुड़ी एसडीओ सह महकमा निर्वाचन कार्यालय पहुंचा। वहां गौतम देव ने निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि, सिलीगुड़ी वासियों पर मुझे भरोसा है। यहां मां-माटी-मानुष की ही जीत होगी। उनसे जब पूछा गया कि, क्या इस बार मुकाबला कठिन है? तो उन्होंने कहा कि, इस बार सिलीगुड़ी में कोई मुकाबला ही नहीं है। मां-माटी-मानुष की प्रचंड बहुमत से जीत होगी। भाजपा विधायक तीसरे स्थान पर जाएंगे।

इसी दिन माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार व निवर्तमान विधायक आनंदमय बर्मन एवं तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार व पूर्व विधायक शंकर मालाकार ने भी अपना-अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। ऐसे ही फांसीदेवा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार व निवर्तमान विधायक दुर्गा मुर्मू एवं तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार रीना टोप्पो ने भी अपना-अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। फांसीदेवा क्षेत्र के उम्मीदवारों ने सिलीगुड़ी महकमा परिषद स्थित निर्वाचन कार्यालय में अपना-अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। इस दिन नामांकन को जाते समय जब ईस्ट बंगाल रोड पर भाजपा व तृणमूल के महाजुलूस का आमना-सामना हो गया तब दोनों ही दलों के समर्थकों ने एक-दूसरे के विरुद्ध खूब नारेबाजी की। एक तरह से उनके बीच 'नारा-युद्ध' सा हो गया।

शहर में इस दिन एक के बाद एक नामांकन जुलूस निकलने के चलते यातायात व्यवस्था काफी प्रभावित हुई। जगह-जगह भीषण जम लग गया। इस वजह से आम लोगों को आवाजाही में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, जगह-जगह सुरक्षा व्यवस्था को पुलिस व केंद्रीय अर्धसैन्य बलों की तैनाती रही। इस दिन सब कुछ शांतिपूर्ण गुजरा।

उल्लेखनीय है कि, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव-2026 के प्रथम चरण के तहत राज्य के कुल 294 में से 152 विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव होंगे। उनमें उत्तर बंगाल के सभी 54 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। प्रथम चरण के चुनाव की अधिसूचना बीते 30 मार्च को जारी हुई। अब 6 अप्रैल तक नामांकन किया जा सकेगा। 7 अप्रैल को छंटनी होगी। नामांकन वापसी की समय-सीमा 9 अप्रैल तक है। प्रथम चरण का मतदान 23 अप्रैल को सुबह 07:00 बजे से शाम 06:00 बजे तक होगा। वहीं, द्वियीय चरण में राज्य के बाकी बचे 142 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान 29 अप्रैल को होगा। दोनों चरणों के मतदान के उपरांत सभी 294 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना 4 मई को होगी और उसी दिन जनादेश सामने आएगा।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in