

सिलीगुड़ी : शहर के कई इलाकों में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर बुधवार को सिलीगुड़ी एरिया कमेटी नंबर-4 की ओर से मिलनपल्ली सेक्टर स्थित पश्चिम बंगाल राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (WBSEDCL) के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा गया। कमेटी ने बिजली व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।
कमेटी के मुताबिक, देशबंधुपाड़ा, टीकियापाड़ा, बाबूपाड़ा और मिलनपल्ली समेत कई इलाकों में लगातार बिजली की आपूर्ति बाधित हो रही है। बार-बार बिजली गुल होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं, बुजुर्ग और बीमार लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कमेटी का कहना है कि बिजली कटौती के पीछे मरम्मत कार्य का हवाला दिया जा रहा है, लेकिन लंबे समय से समस्या बनी हुई है। इससे स्थानीय लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में भी दिक्कत हो रही है।
बिजली तारों पर झूल रहीं पेड़ों की डालियां
ज्ञापन में शहर के कई इलाकों में बिजली की लाइनों के ऊपर खतरनाक तरीके से झूल रही पेड़ों की डालियों का मुद्दा भी उठाया गया। कमेटी ने आशंका जताई कि तेज हवा या बारिश के दौरान डालियां बिजली के तारों पर गिरने से दुर्घटना हो सकती है।
इसके अलावा कुछ स्थानों पर खराब और जर्जर स्थिति में पड़े ट्रांसफॉर्मरों की ओर भी विभाग का ध्यान आकर्षित किया गया। कमेटी ने संबंधित इलाकों का जल्द निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने तथा संभावित दुर्घटनाओं को रोकने की मांग की।