

सिलीगुड़ी : शहर में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के ट्रैफिक विभाग की ओर से ड्रोन के माध्यम से निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में दूसरे दिन भी शहर के विभिन्न व्यस्त इलाकों में ड्रोन उड़ाकर ट्रैफिक की स्थिति पर नजर रखी गई। बीते दिन दार्जिलिंग मोड़, जंक्शन, चंपासारी, दागापुर और सिटी सेंटर जैसे प्रमुख इलाकों में ड्रोन से निगरानी की गई थी। वहीं गुरुवार सिलीगुड़ी के अत्यधिक व्यस्त मोड़ों जैसे वेनस मोड़, सेवक मोड़, एयरव्यू मोड़ और पानीटंकी मोड़ में ड्रोन के जरिए ट्रैफिक की स्थिति का जायजा लिया गया। इस विशेष अभियान का नेतृत्व डिप्टी पुलिस कमिश्नर (ट्रैफिक) काजी शमसुद्दीन अहमद ने किया। उनके साथ एडीसीपी अभिषेक मजूमदार, एसीपी अनिर्बान मजूमदार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर महेश सिंह सहित बड़ी संख्या में ट्रैफिक पुलिस कर्मी मौके पर मौजूद थे।
इस संबंध में डीसीपी ट्रैफिक काजी शमसुद्दीन अहमद ने बताया कि प्रतिदिन ड्रोन फुटेज एकत्र कर ट्रैफिक जाम के वास्तविक कारणों की पहचान की जाएगी, ताकि प्रभावी और स्थायी समाधान निकाले जा सकें। उन्होंने कहा कि जहां अवैध पार्किंग, नियमों की अनदेखी या संकरी सड़कों के कारण जाम की स्थिति बन रही है, वहां तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही पुलिस ने चेतावनी दी है कि शाम के समय बिना हेडलाइट चलने वाले टोटो वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाना और आम लोगों को जाम से राहत दिलाना है।